विस क्षेत्र नादौन के सेरा विश्राम गृह में मंगलवार को राजकीय टीजीटी कला संघ की प्रदेश कार्यकारिणी का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने टीजीटी कला शिक्षकों की 25 मुख्य मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कौशल और प्रदेश महासचिव विजय हीर, जिला हमीरपुर अध्यक्ष संजय वर्मा ने मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपते हुए स्कूलों को बंद करने की प्रक्रिया होल्ड करने की गुहार लगाई। स्कूलों को दो माह तक नामांकन के लिए समय देने की अपील की। 13 अप्रैल की बजाय 15 जून तक स्कूलों को नामांकन मापदंड पूर्ण करने की मांग भी संघ ने प्रमुखता से उठाई। फरवरी माह में शुरू पदोन्नति प्रक्रिया की सुस्त गति से संघ खफा है और टीजीटी से प्रवक्ता और हेडमास्टर पदोन्नति की प्रक्रिया दो माह में भी पूरी न होने पर निराशा जताई। मुख्यमंत्री ने भी संघ को यथोचित अग्रिम कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
मांगपत्र में वेतन आयोग के तहत टीजीटी को हुए भारी घाटे और वेतन विसंगतियों के मामले, भर्ती नियमों में बदलाव और एनसीटीई नियमों अनुसार नियम बदलाव, हाई पावर कमेटी व नई शिक्षा नीति टास्कफोर्स का नए सिरे से गठन, प्रारंभिक शिक्षा विभाग को स्थायी निदेशक देने, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष का पद शिक्षक वर्ग से ही भरने, स्कूल डिनोटिफाई करने की फाइल छह माह होल्ड करने, टीजीटी को पंजाब समतुल्य आरंभिक वेतन देने, 3600 की जगह 3800 ग्रेड देकर 2012 के स्केल छीने जाने का समायोजन करने, टीजीटी को 20 वर्ष सेवाकाल पर दो इंक्रीमेंट देने, प्रोबेशन व राइडर की पेचीदगियां घटाने और वेतन निर्धारण में हुए नुकसान को घटाने की व्यवस्था करना, 70 हजार शिक्षकों की जेसीसी तय करने जैसे मुद्दे उठाए गए। मुख्यमंत्री ने संघ को 25 मई के बाद सचिवालय बैठक के लिए समय देने का आश्वासन भी दिया।