प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के प्रबंधों को गठित कमेटी में विधायक सुधीर शर्मा भी शामिल कर दिए गए हैं। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में तीन विधायक जिला प्रशासन से समन्वय बनाएंगे। सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 11 दिसंबर को पुलिस मैदान धर्मशाला में कार्यक्रम होने जा रहा है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति में विधायक सुधीर शर्मा, संजय रतन और केवल सिंह पठानिया को शामिल किया गया है। यह समिति जिला प्रशासन के साथ आयोजन से संबंधित विभिन्न प्रबंधों पर समन्वय स्थापित करेगी। मंगलवार को सरकार ने कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया। इसमें विधायक सुधीर शर्मा का नाम शामिल करने से रह गया था। बुधवार को सरकार के प्रवक्ता की ओर से सुधीर शर्मा को भी जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करने के लिए गठित कमेटी में शामिल करने का पत्र जारी किया गया। उधर, पूर्व मंत्री और विधायक सुधीर शर्मा ने बताया कि समारोह भव्य तरीके से होगा।