जपा आज पांच गुटों में बंटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन पर पहले ही भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, वह प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए वर्तमान राज्य सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। आज वह भाजपा के नीति निर्धारक बने हैं, लेकिन पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा आज पांच गुटों में बंटी है। वर्ष 2023 में आई आपदा के दौरान भाजपा नेता एक बार भी प्रभावित परिवारों का हक मांगने के लिए केंद्र सरकार से कोई भी पैरवी करने नहीं गए, जबकि कांग्रेस सरकार लोगों के साथ खड़ी रही। हमने प्रभावित परिवारों को फिर से बसाने के लिए नियमों को बदलकर विशेष राहत पैकेज दिया और घर पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त होने पर मुआवजा 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर सात लाख रुपये किया। वहीं आंशिक रुप से क्षतिग्रस्त घर के लिए मुआवजा बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया। उन्होंने कहा कि मैं स्वंय आपदा के दौरान कुल्लू जिला में आया और पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 223 घरों व आंशिक रुप से क्षतिग्रस्त 853 घरों को फिर से बसाने के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता प्रदान की।
सुक्खू ने कहा कि आज सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत बंजार विधानसभा क्षेत्र में आए हैं और मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी भी ग्रामीण क्षेत्र में जाकर लोगों की समस्याओं का हल करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। हमारी सरकार का ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गाय के दूध का समर्थन मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 51 रुपये जबकि भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 47 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 61 रुपये किया है। इसके अलावा प्राकृतिक खेती से उगाई मक्की पर 40 रुपये और गेहूं को 60 रुपये प्रति किलोग्राम का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। इसके अलावा पशुपालकों को दो रुपये प्रति लीटर की दर से ट्रांसपोर्ट सब्सिडी भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत पौध रोपण तथा उनके संरक्षण के लिए महिला मंडलों व युवक मंडलों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये के बजट दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ कर गई, क्योंकि वह राजनीतिक लाभ के लिए काम करती रही जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार जन-कल्याण के लिए काम कर रही हैं। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बंजार क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है, जो सिराज घाटी, तीर्थन घाटी और बंजार के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुल्लू जिला के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहते हैं। एपीएमसी कुल्लू के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सभी उद्घाटनों व शिलान्यासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक भुवनेश्वर गौड़, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता सेस राम आजाद, विद्या नेगी, जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार, पूर्व मंत्री खिमी राम शर्मा, सचिव आशीष सिंघमार, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग पंकज ललित, उपायुक्त तोरुल एस. रवीश, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।