प्रतिभा सिंह को शॉल भेंट करते मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : अमर उजाला
नए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य सचिवालय में कार्यभार संभाल लिया है। सोमवार को सुखविंद्र सिंह सुक्खू पीटरहॉफ शिमला और राज्य सचिवालय शिमला में पहले दिन हजारों लोगों से मिले। सचिवालय को फूलों से सजाया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी अपना दायित्व संभाल लिया। सुक्खू शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में ठहरे हैं। सुबह ही पीटरहॉफ परिसर में उनसे मिलने वालों का तांता लगा रहा। वह करीब साढे़ दस बजे प्रदेश सचिवालय पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में सचिवालय कर्मी उनके स्वागत में खडे़ रहे। खुद मुख्य सचिव आरडी धीमान, प्रधान सचिव मुख्यमंत्री सुभाषीश पंडा, प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा सहित कई प्रमुख अधिकारी भी उनके स्वागत में खडे़ रहे।
दूसरी ओर, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी सचिवालय के एलर्जली भवन में ही अपने पुराने कक्ष में ही उप मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। उन्हें सुक्खू छोड़ने गए। इससे पहले मुकेश ने एलर्जली भवन स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह प्रभार कमरा नंबर 215 में ग्रहण किया, जिसमें वह वीरभद्र सरकार में उद्योग मंत्री रहते हुए भी बैठते थे। मुकेश को भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
लोगों की भीड़ ज्यादा हुई आम लोगों से सभागार में मिले सीएम, उत्सव सा माहौल रहा
प्रदेश सचिवालय में लोगों की भीड़ ज्यादा हो गई तो सभागार में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आम लोगों से भी मिलते रहे। लोगों की आवाजाही राज्य सचिवालय के भीतर बेरोक-टोक रही, जबकि सामान्य परिस्थिति में पास लेकर ही जाना होता है।
मैं पहले कांग्रेस का सदस्य हूं, मेंबर अध्यक्ष के अंडर आता है : सुक्खू
‘मैं पहले कांग्रेस का सदस्य हूं। कांग्रेस का मेंबर अध्यक्ष के अंडर आता है। पहले सदस्य हूं, उसके बाद ही विधायक या मुख्यमंत्री हूं।’ यह कहकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का स्वागत किया। प्रतिभा सिंह उन्हें बधाई देने राज्य सचिवालय पहुंचीं तो सुक्खू ने उनका पुष्पगुच्छ और माता की चुनरी पहनाकर स्वागत किया। थोड़ी देर पहले ही यह चुनरी ज्वालामुखी के कांग्रेस विधायक संजय रतन ने सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ओढ़ाई थी। सुक्खू ने इसके बाद प्रतिभा सिंह को अलग कक्ष में बैठाकर उनके साथ अलग से मंत्रणा भी की। शिमला ग्रामीण के विधायक और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह भी इस मौके पर उनके साथ थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को राज्य सचिवालय में जाकर फूलों का गुच्छा देते हुए उन्हें इस पद की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार जन आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने पूरी एकजुटता के साथ कार्य करते हुए इन चुनावों में शानदार जीत हासिल की हैं। उन्होंने इस जीत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और लोगों के विश्वास से कांग्रेस को यह जीत हासिल हुई है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर और मजबूत तालमेल बना रहेगा। उन्होंने कहा है कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं, उन्हें पूरा मान सम्मान दिया जाना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भी उनके नए पदभार संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। बाद में प्रतिभा सिंह ने ओक ओवर जाकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी शिष्टाचार भेंट की।