विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बोलते मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में शनिवार को आयोजित 90 के दशक के पूर्व छात्रों के मैत्री सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य के लिए कुशल नेतृत्व तैयार करने को कॉलेजों और विवि में छात्रसंघ चुनाव होने चाहिए। वह अधिकारियों से इस बारे में बात करेंगे। छात्रसंघ चुनाव का स्वरूप क्या हो सकता है, इस पर चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि विवि और कॉलेजों में चुनाव पहले हिंसा की घटनाओं के कारण बंद हुए थे। चुनावों में किसी तरह की हिंसा न हो, इसी के दृष्टिगत बातचीत और विचार कर आगे बढ़ेंगे। बता दें कि हिमाचल में छात्रसंघ चुनाव वर्ष 2014 से बंद हैं। एचपीयू ने प्रदेश ही नहीं, देश को भी कुशल नेतृत्व दिया है। वहीं, कुशल प्रशासनिक अधिकारी भी दिए हैं। इसी विवि से पढ़ लिखकर निकले 25 विधायक विधानसभा पहुंचे हैं।
कंडाघाट में विशेष बच्चों के लिए बनेगा सेंटर ऑफ एक्सलेंसी
सुक्खू ने कहा कि स्पर्धा करने के साथ सामूहिक विकास की सोच उन्होंने इसी विवि से सीखी है। राजनीतिक जीवन में भी उसी के अनुरूप सामाजिक दायित्व भी निर्धारित किए हैं। सरकार प्रारंभिक, स्कूली शिक्षा के साथ ही उच्चतर शिक्षा के लिए भी विवि में बिना मां-बाप के बच्चों को पीएचडी तक की मुफ्त शिक्षा का प्रावधान कर रही है। कंडाघाट में विशेष बच्चों के लिए सेंटर ऑफ एक्सलेंसी खोला जाएगा। इसमें करीब 300 विद्यार्थी पहली से स्नातक की पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने पूर्व छात्रसंघ के भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की।