दशहरा पर मुख्यमंत्री ने शहर को दी करोड़ों की सौगात, समरहिल में डेढ़ करोड़ से बनेगा सामुदायिक भवन
विज्ञापन
युवक मंडल ने निकाली झांकी, राम-रावण युद्ध का किया मंचन संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के जाखू हनुमान मंदिर परिसर में वीरवार को दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। दशहरा पर कार्यक्रम शाम 5:30 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और शाम 6:30 बजे रिमोट का बटन दबाकर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। सीएम ने समरहिल के कार्यक्रम में भी शिरकत की तथा शहर के लिए करोड़ों रुपये की घोषणाएं कीं। इसमें सामुदायिक भवन के लिए डेढ़ करोड़ रुपये देने का एलान भी किया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में नाभा युवा कला केंद्र की ओर से झांकी भी निकाली गई। झांकियां नाभा से शुरू हुईं और एजी चौक से लोअर बाजार, शेर ए पंजाब होते हुए रिज मैदान पहुंचीं। इसके बाद झांकियां 4:30 बजे जाखू हनुमान मंदिर पहुंची। मंदिर में उन्होंने श्रीराम और रावण सहित कुंभकर्ण और मेघनाद के युद्ध के दृश्यों का मंचन किया। इस दौरान जाखू में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी थी। सीएम सुक्खू ने कार्यक्रम में सभी को दशहरा की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने समरहिल के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भी शाम 7:00 बजे शिरकत की और रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। यहां कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से ही शुरू हो गया था। इनमें विभिन्न वर्गों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें लेमन स्पून रेस, थ्री लैग रेस, छोटे बच्चों की दौड़ प्रतियोगिता और रस्सा कस्सी प्रतियोगिता शामिल थीं। इससे पहले यहां क्रिकेट और फुटबाल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा चुका है। इस अवसर पर दोपहर 12:00 बजे चित्रकला प्रतियोगिता होगी और म्यूजिकल चेयर का आयोजन किया गया। इसके बाद शाम को 5:30 बजे विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद लोगों के लिए डीजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संजौली और अन्य जगहों पर भी लोगों ने रावण दहन किया।