मंडी के बाल स्कूल में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : संवाद
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामले चिंतनीय हैं, लेकिन बंदिशें लगाने की सरकार की कोई योजना नहीं है। ओमिक्रॉन डेल्टा वैरिंएंट से कम प्रभावी है। अधिक पैनिक होने की जरूरत नहीं है। सीएम ने बाल स्कूल मंडी में सोमवार को 15 से 18 वर्ष के विद्यार्थियों के राज्यस्तरीय कोविड-19 टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। विद्यालय के कक्षा 12वीं कला संकाय के छात्र रवि कुमार को-वैक्सीन की पहली खुराक लेने वाले प्रदेश के पहले छात्र बने।
सीएम ने लोगों से अपील की कि वे कोविड-19 के विरुद्ध टीकाकरण के लिए आगे आएं। प्रदेश में 15 से 18 आयुवर्ग में लगभग 3.57 लाख युवाओं का टीकाकरण किया जाएगा। कहा कि अभियान के तहत प्रदेश के 4,259 शैक्षणिक संस्थान शामिल किए गए हैं। इनमें 2801 सरकारी, 1,402 निजी और 56 अन्य शिक्षण संस्थान शामिल हैं।
सरकार डेल्टा और ओमिक्रॉन के संबंधित मामलों की निगरानी कर रही है। संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए सभी निवारक उपाय किए जा रहे हैं। ओमिक्रॉन कोरोना का नया वैरिएंट है। आने वाले समय में इसके टेस्ट हिमाचल में ही हो सकें, इसके लिए सरकार प्रयासरत है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी और राज्य रेडक्रॉस अस्पताल अनुभाग की उपाध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर, विधायक अनिल शर्मा, राकेश जंवाल और इंद्र सिंह गांधी, नगर निगम मंडी की महापौर दीपाली जसवाल, उपायुक्त अरिंदम चैधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा, एमओएच डॉ. दिनेश और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।