विपक्ष की ओर से नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव सदन में रखा गया। इस पर सीएम ने कहा कि उन्हें इस बात की हैरानी है कि अभी तक विपक्ष इस बात को पकडे़ हुए है। उन्हें लगता है कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है।
इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। कानून-व्यवस्था की दृष्टि से जो ये स्थिति बनी है, उस हिसाब से प्रदेश आगे नहीं बढ़ सकता है। उन्हें इसकी पीड़ा भी है। उन्होंने कहा कि नियम 67 में चर्चा को प्रस्ताव स्वीकार किया जाता तो हमें आनंद आता।
हम इस पर चर्चा के लिए तैयार हैं। शायद इस हाउस में यह पहली बार हो रहा हो कि किसी सरकार ने ऐसी मंशा ही जाहिर न की हो। हम यह विषय उन्हीं पर छोड़ देते हैं। सीएम बोले कि मैजिस्ट्रियल इन्कवायरी से दूध का दूध, पानी का पानी साफ होगा।
सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ फाेटो वायरल हुए और उनमें एक महिला को भी दिखाया गया, जबकि यह महिला राजस्थान की एक घटना से संबंधित हैं। युवा कांग्रेेस के लोगों ने मांग की कि वे प्रदर्शन करना चाहते हैं। उन्होंने अनुमति देने का आग्रह किया। उन्हें मंजूरी दी गई।
पहले प्रश्नकाल पूरा होने दो, फिर कहूंगा
विपक्ष ने वाकआउट किया तो इसके बाद स्पीकर डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सीएम कुछ कहना चाह रहे हैं, इस पर सीएम जयराम ठाकुर बोले - पहले प्रश्नकाल पूरा होने दो, उसके बाद ही विपक्षी सदस्यों की ओर से उठाए गए लाठीचार्ज मामले पर कुछ कहूंगा। सीएम ने तीन बजे प्रश्नकाल में कुछ सवालों के मंत्रियों की ओर से मौखिक जवाब देने के बाद ही अपनी बात कही।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को सदन में कहा कि 24 अगस्त को बाहर जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस बल का प्रयोग किया गया तो लाठीचार्ज, पत्थरबाजी आदि हुई।
उन्होंने कहा - सीडी चलाओ, सब पता चल जाएगा। हम सीएम से इस पर जवाब चाहते हैं। इस बारे में ज्यूडिशियल इन्कवायरी की जाए। जिन अधिकारियोें ने इस तरह के आदेश दिए, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
डंडा चलाने वालों और अन्य लोगों के खिलाफ जांच के आदेश दिए जाएं। वाकआउट से पहले नियम 67 पर दिए गए स्थगन प्रस्ताव पर अपनी बात रखते हुए अग्निहोत्री ने सोमवार को सदन में कहा कि जिस तरह से हमारे लोग घायल हुए हैं, वह सारी घटना को बताता है।
इस बीच मुकेश अग्निहोत्री में जख्मी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फोटो भी दिखाए। उन्होंने कहा कि बड़ी बेरहमी से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का खून बहाया गया है।
अग्निहोत्री ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री कह रहे हैं कि प्रदेश भाजपा कार्यालय दीपकमल शिमला में लाठियां चलीं और उसका बदला लिया जा रहा है। ये बदले की बात नहीं है।
सदन मेें नादौन के कांग्रेस विधायक और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हुआ यह कि सीएम विधानसभा में बैठे थे। युवा कांग्रेस के लोग उन्हें ज्ञापन देना चाह रहे थे। एक पुलिसवाले ने पत्थर उठाया और मारा। हमारे लोग गलत है तो हम पर कार्रवाई करें। पुलिस के लोग गलत हैं तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।