मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लिए एशियन विकास बैंक की 2095 करोड़ रुपये की अधोसंरचना विकास परियोजना के लिए सैद्धांतिक रूप से स्वीकृति लेने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि इसमें 90 प्रतिशत ऋण राशि होगी। यह भारत सरकार की ओर से समर्थित होगी। 10 प्रतिशत राज्य का हिस्सा होगा, क्योंकि हिमाचल एक विशेष श्रेणी का राज्य है।
कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य राज्य में नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने के अतिरिक्त मौजूदा पर्यटन स्थलों का रखरखाव, सुधारीकरण और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करना है। परियोजना के तहत मौजूदा पर्यटन स्थलों से भीड़भाड़ और पर्यटकों के भारी दबाव को कम करने के लिए इको-टूरिज्म को बढ़ावा देकर राज्य के अनछुए गंतव्यों का विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से केंद्रीय वित्त मंत्री से यह मामला उठाया था तथा पर्यटन मंत्रालय, नीति आयोग और वित्त मंत्रालय के समक्ष प्रस्तुति दी है। एशियन विकास बैंक (एडीबी) से फंडिंग के लिए वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग की स्क्रीनिंग कमेटी ने इसे सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
राज्य में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को दो भागों में क्रियान्वित किया जाएगा। पहले भाग में 900 करोड़ रुपये से अधिक, जबकि दूसरा वित्त भाग 1100 करोड़ रुपये से अधिक का होगा। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
यह परियोजना अगले वर्ष मार्च से तेजी पकड़ेगी। सीएम ने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से राज्य में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा, जिससे यहां विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे का निर्माण होगा और विश्व के कोने-कोने से पर्यटकों को हिमाचल आने के लिए आकर्षित किया जा सकेगा।