भारत में रूसी राजदूत निकोले आर कुदाशेवा ने अपनी पत्नी सहित कुल्लू जिले के पतलीकूहल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें कुल्लवी परंपरा के तहत सम्मानित किया। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों को दी बधाई- मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले तीनों छात्रों अभिषेक, आयुष और चारू से दूरभाष पर बात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य के तीन बच्चों ने मुकाम हासिल किया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार दोपहर बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में एमबीबीएस छात्रों के वार्षिक समारोह में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के कांगड़ा दौरे को लेकर स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने रविवार को मेडिकल कॉलेज टांडा का निरीक्षण किया। सीएम की ओर से प्रस्तावित उद्घाटन और शिलान्यास स्थलों का परमार ने दौरा किया।
स्थानीय विधायक अरुण मेहरा कूका उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान परमार ने अस्पताल में जाकर मरीजों से उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई। अस्पताल भवन में जाकर परमार ने यहां सफाई व्यवस्था से लेकर वार्डों का जाकर भी निरीक्षण किया। बाद में कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उन्होंने सीएम के आगमन की तैयारियों को लेकर रूपरेखा तय की।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भानु अवस्थी ने बताया कि सीएम सोमवार को कॉलेज के वार्षिक समारोह में शिरकत करेंगे। इस दौरान सीएम अमरित फार्मेसी का भी शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा एमबीबीएस छात्रों के हास्टल का उद्घाटन और कॉलेज परिसर में सुविधा ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे।
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को मिली एमसीआई से मान्यता- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन परमार ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर दे रही है। गत चार माह के कार्यकाल में 260 चिकित्सकों के पद भरे गए हैं। जल्द ही सरकार 200 आयुर्वेदिक चिकित्सकों और 2000 पैरा मेडिकल मिनिस्ट्रीयल स्टाफ के पद भरेगी।
यह बात स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने रविवार को राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा के सभागार में कॉलेज के प्रधानाचार्य चिकित्सा अधीक्षक तथा समस्त विभागाध्यक्षों के साथ आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने बताया कि लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्व है। स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ कर हिमाचल प्रदेश सार्वभौमिक स्वास्थ्य संरक्षण योजना को प्रदेश के समस्तजनों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश सरकार लोगों को घर-द्वार के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दे रही है तथा प्रदेश सरकार ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए इस वर्ष 2302 करोड़ रूपए के बजट का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हमीरपुर में खोले गए मेडिकल कॉलेज को एमसीआई से मान्यता मिल गई है तथा निकट भविष्य में इस संस्थान में भी कक्षाएं तथा स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू हो जाएंगी।