इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने ‘गुड़िया’ हेल्पलाइन नंबर 1515 तथा होशियार सिंह हेल्पलाइन टॉल फ्री नंबर 1090 की भी शुरूआत की।मुख्यमंत्री ने गुड़िया तथा होशियार सिंह हेल्पलाइन के दोनों टॉल फ्री नंबरों पर स्वयं बात की। उन्होंने राज्य पुलिस विभाग तथा राज्य राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र को इस पहल के लिए बधाई दी।
ठाकुर ने कहा कि राज्य की महिलाओं की सुरक्षा तथा महिलाओं के विरूद्ध अपराध रोकने के लिए यह एक पहल है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बहुचर्चित गुड़िया बलात्कार तथा हत्या मामले में पुलिस की छवि खराब हुई है और हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि प्रदेश में फिर से इस प्रकार की घटनाएं न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होशियार हेल्पलाइन की निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में विभिन्न प्रकार के माफिया से सख्ती से निपटेगी, चाहे वह नशा माफिया हो, वन या फिर खनन माफिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक माह के शासनकाल में सामाजिक सुरक्षा तथा कानून व व्यवस्था से संबद्ध तीन वायदों को पूरा किया है। पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी ने ऐप्स की कार्य प्रणाली का संक्षिप्त विवरण दिया।
उन्होंने कहा कि इनके अलावा अन्य आपातकालीन नंबर 9459100100 व्हाटसऐप और एसएमएस नंबर है। राष्ट्रव्यापी आपातकालीन रिसपांस सिस्टम कॉल नम्बर 112 है। उन्होंने कहा कि होशियार सिंह हेल्पलाइन की मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्धाज, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव मनीषा नंदा तथा राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।