सीएम जयराम ने निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को संजौली के नजदीक बन रहे हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि हेलीपोर्ट 10.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जा रहा है और इसके तैयार होने के बाद उड़ान योजना के तहत यह हेलीपोर्ट न केवल पर्यटकों को सेवाएं प्रदान करेगा बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी उपयोगी सिद्ध होगा।
उन्होंने हेलीकॉप्टर के लिए हैंगर सुविधाएं विकसित करने पर भी काम करने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिमला के पीटरहॉफ के निकट विली पार्क में निर्माणाधीन परिधि गृह के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। 45 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस परिधि गृह में 89 कमरे होंगे और इससे न केवल राज्य अतिथियों को रहने की सुविधा उपलब्ध होगी बल्कि शिमला आने वाले पर्यटक भी इसकी सेवाएं ले सकेंगे।
सीएम ने कहा कि इस परिधि गृह को इसी साल अक्तूबर महीने में पूर्ण करने का लक्ष्य का रखा गया है और संबंधित अधिकारियों को इसे निर्धारित समय में तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्मित होने वाले इस परिधि गृह में सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे आधुनिक कमरे, लिफ्ट तथा पर्यटकों के लिए पर्याप्त पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, प्रधान सचिव लोक निर्माण जेसी शर्मा, निदेशक पर्यटन विभाग यूनुस समेत विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिमला के रिज का कुछ भाग धंसने की आ रही समस्या के समाधान को लेकर आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों के साथ पीटरहॉफ में चर्चा की।