वहीं प्रदेश में सोमवार को 173 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। कांगड़ा और सोलन में दो कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। शिमला में 37, कुल्लू में 24, कांगड़ा में 19, मंडी में 17, सिरमौर में 15, सोलन में 13, बिलासपुर-लाहौल-स्पीति में 10-10, चंबा-हमीरपुर में 9-9, ऊना में 7, और किन्नौर में 3 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। विस अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के पीएसओ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इससे विस अध्यक्ष विपिन परमार खुद भी आइसोलेट हो गए हैं। सुलह विस क्षेत्र में परमार के कई कार्यक्रम रखे गए थे लेकिन फिलहाल अब इन कार्यक्रमों को टाल दिया गया है। इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। विस अध्यक्ष के पीएसओ की रिपोर्ट रविवार रात को आई है।
इसका पता चलते ही विस अध्यक्ष ने खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है। वह फिलहाल किसी से नहीं मिलेंगे। यह जानकारी विस अध्यक्ष ने स्वयं अपने फेसबुक पेज पर दी है। इसमें उन्होंने कहा है कि कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के अनुसार वह आइसोलेट हुए हैं।
ऊना जिले के डठवाड़ा के एक 61 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से टांडा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मौत हो गई है। उक्त व्यक्ति ऊना जिले में ही कोरोना संक्रमित पाया गया था। यहां से उसे डीसीएचसी धर्मशाला रेफर किया गया था। यहां बुखार और सांस में दिक्कत की परेशानी के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन सोमवार सुबह नौ बजे उक्त व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
सोलन जिले सपरून के रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई है। मृतक की छह दिन पहले कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद बुजुर्ग को कोविड अस्पताल एमएमयू कुमारहट्टी ले जाया गया। इनमें खांसी और बुखार के लक्षण थे। शूगर की बीमारी से भी ग्रसित थे।