मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। इसके लिए अटल हेल्पलाइन शुरू की जा रही है। इस हेल्पलाइन पर किसी भी नेता या अफसर की शिकायत कर सकते हैं।
शिकायतकर्ता का नाम गुप्त रहेगा। शिकायत के बाद तुरंत जांच और कार्रवाई होगी। वहीं, सरकार रणनीति के तहत साइबर अपराध को रोकने के लिए कारगर कदम उठाएगी।
नशे के खात्मे को चलेगा अभियान
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में नशीले पदार्थों के रैकेट को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। चिट्टा जैसे नशीले पदार्थ का चलन पिछले कुछ समय में बढ़ा है।
अन्य कई तरह के नशे हिमाचल आने लगे हैं। चरणबद्ध तरीके से इस रैकेट को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा ताकि हमारी नई पीढ़ी को बचाया जा सके।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जब वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने थे तो कई सवाल उठाए गए थे। अब मुख्यमंत्री बने हैं तो भी उनकी योग्यता पर शक किया जा रहा है। खुद को लीक से हटकर बताते हुए जयराम बोले - मैं अलग तरह का मुख्यमंत्री हूं और अलग तरह का काम करके दिखाऊंगा।
उन्होंने कहा कि कभी यह सोचा नहीं था कि कभी प्रदेश का सीएम बनूंगा, लेकिन अब जब जिम्मेदारी मिली है तो इसे बखूबी निभाऊंगा। सीएम जयराम ठाकुर प्रेस क्लब शिमला में मीट द प्रेस कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे।
इस दौरान उन्होंने प्रेस क्लब शिमला को पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संविधान के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास और मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की आने-जाने और स्वास्थ्य के लिहाज से कई जरूरतें होती हैं। कोशिश की जाएगी कि उन्हें हर वह मदद मुहैया कराई जाए, जो अन्य प्रदेशों में पत्रकारों को दी जा रही हैं। साथ ही पत्रकारों से खुले मन से सुझाव की अपील की।
उन्होंने कहा, पत्रकार व्यक्तिगत रूप से भी मिल सकते हैं या फिर समाचार पत्र के माध्यम से खबर लिखकर भी सरकार का ध्यान आकर्षित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार भी जनता के हित में खबरें लिखते हैं। ऐसे में सरकार भी उन खबरों और सुझावों पर गंभीरतापूर्ण रुख अपनाएगी। उन्होंने प्रेस क्लब के प्रस्तावित नए भवन के निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की भी उम्मीद जताई।
मुख्यमंत्री ने लोगों से किया गुलदस्ते भेंट न करने का आग्रह
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों से आग्रह किया है कि विभिन्न समारोहों और उनके जन्म दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देने के लिए उन्हें गुलदस्ते और फूलमालाएं भेंट न करें।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने चाहा है कि लोग उन्हें गुलदस्ते भेंट न करें, यह फिजूलखर्ची है। लोग चाहें तो उन्हें एक फूल भेंट कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने यह आह्वान सभी सरकारी कर्मचारियों से भी किया है।