मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को सिरमौर जिले के नाहन शिवपुरी स्थित हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अतुल कौशिक के घर जाकर उनके बेटे प्रबल कौशिक के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी डॉ. साधना ठाकुर भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के नाहन आने का कार्यक्रम अचानक बना। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को भी रविवार सुबह मिली। मुख्यमंत्री करीब 12:30 पर हेलिकॉप्टर से जुड्डा का जोहड़ उतरे। इसके बाद सड़क से अतुल कौशिक के घर पहुंचे। शोक संतप्त परिवार के साथ करीब 25 मिनट बैठने के बाद वापस जुड्डा का जोहड़ लौटे। अतुल कौशिक के 30 वर्षीय बेटे प्रबल कौशिक का निधन शनिवार सुबह तीन बजे के आसपास चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में हुआ था।
प्रबल कौशिक दिल्ली में एक कंपनी में कार्य कर रहे थे। करीब एक साल पहले ही शादी भी हुई थी। सांसद एवं प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, जिला परिषद अध्यक्षा सीमा कन्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता, उपायुक्त सिरमौर आरके गौतम, पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जम्वाल, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, नाहन भाजपा मंडलाध्यक्ष प्रताप ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।