सीएम ने कहा कि गर्व की बात है कि प्रदेश का पहला अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय नेरचौक मेडिकल कॉलेज के कैंपस में ही खुला है। सूबे के छह मेडिकल कॉलेजों का कंट्रोल अब इसी विवि के माध्यम से होगा।
नीट के बाद एडमिशन की तमाम प्रक्रिया यहीं होगी। वर्तमान में एचपीयू के वीसी के पास इसका अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। सीएम ने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज उत्तर भारत में सबसे बेहतर है। आधुनिक और खूबसूरत भवन है।
उन्होंने कहा कि मंडी का नेरचौक मेडिकल कॉलेज टांडा और आईजीएमसी से आगे निकलेगा। नेरचौक में ही अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनेगा और मेडिकल कॉलेज के पास ही बड़ा हवाई जहाज उतरेगा।
शनिवार को टेली मेडिसन केंद्र की शुरुआत सीएम ने नेरचौक से की। उन्होंने चेन्नई में बैठे डाक्टरों से केलांग के काजा और पांगी के मरीजों के उपचार के संदर्भ में बातचीत की।
सीएम ने मंडी के नेरचौक से ही हिमाचल यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन योजना का शुभारंभ किया। आयुष्मान भारत योजना से छूटे लोग एक हजार सालाना प्रीमियम देकर साल में पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा हासिल कर सकेंगे।
जरूरतमंद बच्चों के लिए चिकित्सा राहत कोष
मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष में विशेष जरूरत वाले बच्चे, जो किसी कारण सुन और बोल नहीं पाते, उनके इलाज के लिए पांच लाख तक के प्रावधान वाली मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष योजना का शुभारंभ किया।