महंगाई से त्रस्त जनता की नब्ज को पकड़ते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को इसी मुद्दे पर घेरना शुरू कर दिया है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्याज के दाम 130 रुपये से अधिक थे और गैर सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलिंडर की कीमत भी 1200 के पार पहुंच गई थी। तब कांग्रेस ने महंगाई को दूर करने के लिए क्या किया था? वह सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में जनसभा के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महंगाई को रोकने के लिए हरसंभव कोशिश की। हिमाचल में भी जब सरसों के तेल की कीमत बढ़ी तो सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए सब्सिडी दी। सराज विधानसभा क्षेत्र में सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक मैं आपकी पीठ से सारा बोझ नहीं उतार दूंगा, तब तक रुकूंगा नहीं।
ये भी पढ़ें: कोरोना: हिमाचल में दो संक्रमितों की मौत, 16 विद्यार्थियों समेत 183 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव, जानें सक्रिय केस
विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में सड़क पहुंचा दी गई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आज एक परिवार तक सिमटकर रह गई है। कांग्रेसी कहते हैं कि सारा विकास सराज में हो रहा है। सराज विधानसभा का विधायक होने के नाते मेरा भी फर्ज है कि यहां भी विकास कार्य करवाए जाएं। लेकिन कोई आज पक्षपात या भेदभाव का आरोप नहीं लगा सकता।