मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के एक महीने के बाद साढे़ 13 हजार करोड़ रुपये की पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हुई। इसमें अब देखा है कि 95 फीसदी से ज्यादा में काम शुरू हैं। कोविड काल में पहली प्राथमिकता आदमी की जिंदगी को बचाना था। यह दौर संभला तो दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हुई। उन्हें उम्मीद है कि दूसरी सेरेमनी के छह-आठ महीने के बाद पूरी तरह से काम शुरू होगा। मंगलवार को अमर उजाला यंग अचीवर अवार्ड्स 2021 समारोह की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अमर उजाला सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय मीडिया समूह है और यह अच्छी बात है।
लगातार कर्ज लेने की बात बार-बार मीडिया में भी उजागर होती है। सरकार के पास साधन कम हैं। उन्होंने सत्ता में आने पर आमदनी बढ़ाने का विचार किया। निजी निवेश पर अधिकारियों ने कहा कि पूर्व सरकारों ने भी प्रयास किए, मगर यह संभव नहीं हुआ। मामला लंबित रहा तो इसे फिर करवाने को कहा। जयराम बोले कि वह जिंदगी में कभी विदेश नहीं गए। वह कई देशों में गए और वहां से निवेशकों को आकर्षित किया। उन्हें कहा कि भारत के लोग बाहर काम कर रहे हैं। वे 50 डिग्री में क्यों काम कर रहे हैं। ये कार्य प्रदेश में भी होने चाहिए, उन्हें यहां बुलाया।
कार्यक्रम पर विपक्ष के लोग कहेंगे कि पैसा खर्च दिया
- सोमवार वाले कार्यक्रम पर विपक्ष के लोग कहेंगे कि पैसा खर्च दिया। साढे़ 11 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए। इस तरह के प्रयास हिमाचल में पहले नहीं हुए।
हमारे महकमे में अतिक्रमण बहुत ज्यादा, हर कोई आना चाहता है : जयराम
सीएम जयराम ठाकुर ने राजनीति पर चुटकी की - हमारे महकमे में अतिक्रमण बहुत ज्यादा है। कोई सेवानिवृत्त हो जाता है तो टिकट मांगता है। कोई हीरो और हीरोइन जब फिल्म थोड़ी-बहुत चलती और बाकी फिल्में फ्लॉप हो जाती है तो वह भी टिकट मांगता है। कोई व्यवसाय वाला भी आता है। हमारे पास भी ऐसे लोग आते हैं, जो कहते हैं कि उनके बच्चों को राजनीति में आगे बढ़ाया जाए। कहीं कामयाब नहीं होने पर हमारे क्षेत्र में लाना चाहते हैं। इस पर खूब ठहाके लगे।