भाला फेंक स्पर्धा में भारत को ओलंपिक का पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले नीरज चोपड़ा को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश आने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि नीरज ने देश का मान बढ़ाया है और वह जब भी चाहें अपनी थकान मिटाने हिमाचल आ सकते हैं। वहीं, हमीरपुर से सांसद व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा कि मोदी सरकार खेल सुविधाओं पर लगातार बेहतर कर रही है। इसी वजह से खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। हॉकी से लेकर कुश्ती व जेवलिंग जैसे खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों की वजह से यह शुरुआत हुई है और अभी खेलों में और आगे जाना है।