हिमाचल के जिला कुल्लू की उझी घाटी में वनमंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के गांव कन्याल के साथ लगते सरोड नाले में बादल फटने से लाखों का नुकसान हुआ है। शनिवार रात करीब नौ बजे मनाली के आसपास गांव में भारी बारिश हो रही थी। इस दौरान नसोगी पंचायत के गांव कन्याल, रांगड़ी, सिमसा और गधेरणी के थाच नामक जगह पर बादल फटने से सरोड नाले में बाढ़ आ गई। जोरदार आवाज के साथ बाढ़ आने से नाले के आसपास के गांवों के लोगों में अफरातफरी मच गई। इस बरसात का पहला बादल फटने से घबराए सिमसा गांव के लोग घंटों तक अपने घरों से बाहर रहे। ग्रामीण मकरध्वज शर्मा ने कहा अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी।
लोग अपने घरों से बाहर निकले। उन्होंने कहा कि बादल फटने से नाले में आई बाढ़ से गांव के पेयजल टैंक के साथ पेयजल की स्कीमों को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा बाढ़ की चपेट में कई खेत व सेब के बगीचे भी आए हैं। नसोगी पंचायत के प्रधान शिवराम ठाकुर ने कहा कि बादल फटने से कितना नुकसान हुआ है रात को इसका आकलन नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि बादल फटने के बाद ग्रामीण सहमे हुए हैं। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कन्याल गांव के साथ बहने वाले नाले में बादल फटने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अभी तक कुछ पेयजल स्कीमों और लोगों की जमीन के नुकसान की सूचना मिली है। रविवार को मौके पर जाकर इसका आकलन किया जाएगा।