लाहौल के उदयपुर से 19 किलोमीटर दूर नाग मंदिर के समीप भारी भूस्खलन होने से उदयपुर-तिंदी-किलाड़ मार्ग बंद हो गया है। इससे पांगी घाटी का कुल्लू, मनाली के साथ लाहौल से संपर्क कट गया है। लोग भूस्खलन से अवरुद्ध मार्ग के चलते पैदल आवाजाही करने को मजबूर हैं। रविवार रात हुए भूस्खलन से सड़क पर चट्टानों का ढेर लग गया है। सोमवार सुबह सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (94) ने मशीनरी को मौके के लिए भेज दिया। हर तीसरे दिन मार्ग पर हिमस्खलन और भूस्खलन के कारण आम लोगों के साथ बीआरओ को भी परेशान होना पड़ रहा है। सीमा सड़क संगठन ने उदयपुर से किलाड़ के बीच जगह-जगह मशीनों को तैनात कर रखा है।
सोमवार को तिंदी-उदयुपर के बीच सड़क बंद होने से लोग पैदल आरपार हुए और आगे से वाहनों में अपने गंतव्य पहुंचे। सर्दी के मौसम में माइनस तापमान होने से लोगों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। सीमा सड़क संगठन (94) के ओसी अखिल देव कौशल ने बताया कि सड़क बंद होने की सूचना के बाद सोमवार सुबह ही उदयपुर से 19 किमी दूर सड़क में गिरी चट्टानों को हटाने के लिए मशीन भेज दी थी। कहा कि मलबा अधिक होने से सड़क को बहाल करने में समय लग रहा है।