हिमाचल प्रदेश में इस बार सिविल सर्विस अवार्ड आपदा प्रबंधन में बेहतरीन कार्य करने के लिए राज्य स्तर पर आपदा प्रबंधन और दो जिलों कुल्लू तथा लाहौल स्पीति को दिया जाएगा। पिछले साल कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बारिश-बर्फबारी में फंसे लोगों का बचाने के लिए सरकार जिला प्रशासन को यह पुरस्कार देगी।
उस समय कुल्लू के उपायुक्त यूनुस और लाहौल-स्पीति के उपायुक्त अश्विनी कुमार चौधरी थे। शिमला में तैनात आपदा प्रबंधन के विशेष डीसी राणा को यह पुरस्कार सराहनीय कार्य के लिए राज्य स्तर पर दिया जा रहा है। वीरवार को शिमला के रिज में मनाए जाने वाले 73वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुरस्कार से भी नवाजा जाएगा।
भारी बर्फबारी और बाढ़ की वजह से फंसे लोगों को बचाने के लिए चलाए ऑपरेशन व्हाइट माउंटेन में पांच विमानों ने विभिन्न स्थानों से लोगों का बचाव किया। इसमें 252 व्यक्तियों को विभिन्न स्थानों से एयरलिफ्ट किया गया। बचाए गए 98 लोगों का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्राथमिक उपचार किया गया। रोहतांग सुरंग के माध्यम से कुल 3669 लोगों को बचाया गया। इनमें 207 विदेशी पर्यटक थे।
डॉ. जगतराम, डा. रमेश, प्रतिभा और निशांत को मिलेगा हिमाचल गौरव पुरस्कार
पीजीआई में नियुक्त डॉ. जगतराम, पीजीआई से सेवानिवृत्त डॉ. रमेश कुमार, लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल और पैरा ओलंपिक खिलाड़ी निशांत को हिमाचल गौरव पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
इनको मिलेगा प्रेरणा स्रोत पुरस्कार
प्रेरणा स्रोत पुरस्कार में इस बार जेल विभाग के हिमकारा उन्नयन समिति, सूबेदार रिंगजिंग दोरजे और कांगड़ा जिले के स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा कुमारी इलाइना को प्रेरणा स्रोत पुरस्कार से नवाजा जाएगा। कुमारी इलाइना जब अपने परिजनों के साथ सफर कर रही थीं तो बीच रास्ते में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस छात्रा ने साहस दिखाते हुए अपने परिजनों की जान बचाई थी।