राजधानी शिमला में पिछले करीब 3 सालों से बंद हवाई सेवाएं फिर से शुरू होंगी। जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से जल्द ही 19 सीटर डोनियर जहाज नियमित सेवाएं देगा। डोनियर कंपनी से सेवाएं शुरू करने का करार हुआ है। केंद्रीय उड्डयन नागरिक मंत्रालय ने फ्लाइंग ऑर्डर भी जारी कर दिए हैं। डोनियर जहाज पहाड़ी क्षेत्रों में उड़ान भरने के अनुरूप ही बना है।
हिमाचल समेत देश के अन्य पहाड़ी राज्यों की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार 20 डोनियर जहाज खरीदने जा रही है। शिमला के लिए अगले साल से नियमित उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। हवाई सेवाएं शुरू होने से शिमला में पर्यटन को भी नए पंख लगेंगे। बता दें कि जुब्बड़हट्टी में हवाई पट्टी छोटी होने के कारण बड़े जहाज यहां नहीं उतर पाते हैं। शिमला में वर्तमान में कॉमर्शियल उड़ानें ही हो पा रही हैं।