5 और 6 जनवरी को गिरि और गुम्मा परियोजना से बाधित रहेगी जलापूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में अगले दो दिन शहरवासियों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। बिजली के शटडाउन के चलते गिरि और गुम्मा से शिमला शहर के लिए पांच तथा छह जनवरी को पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।
हालांकि, शहर के किन इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं होगी, कंपनी ने इसका शेड्यूल अभी जारी नहीं किया है। पेयजल कंपनी के अनुसार बिजली बोर्ड अगले दो दिन मरम्मत कार्य के चलते शटडाउन करने जा रहा है। इसके चलते गिरि और गुम्मा से शिमला शहर के लिए दिन के समय पानी की आपूर्ति बाधित रह सकती है। कंपनी का कहना है कि शाम के समय बिजली आपूर्ति बहाल होते ही सभी परियोजनाओं से पूरी क्षमता के साथ पंपिंग की जाएगी। लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में इन दो दिन पेयजल आपूर्ति में कट लग सकता है। कंपनी का दावा है कि शहर में अभी हफ्ते के पांच दिन पेयजल आपूर्ति दी जा रही है। सिर्फ बिजली कट के दौरान जब पंपिंग बाधित रहती है तो शहर में कुछ एक इलाकों की आपूर्ति में कट लगाया जाता है।