जिला किन्नौर में स्थित शौंगटोंग जलविद्युत परियोजना के हड़ताली मजदूरों के समर्थन में सीटू ने अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठने का फैसला लिया है। सीटू के राज्य महासचिव डा. कश्मीर सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक राकेश सिंघा अनिश्चितकालीन अनशन की अगुवाई करेंगे। वीरवार को शिमला में प्र्रेस वार्ता में सीटू नेताओं ने सरकार को मजदूरों की मांगें पूरा करने को एक जुलाई का समय दिया।
सीटू महासचिव डा. कश्मीर सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष राकेश सिंघा और जिला सचिव विजेंद्र मेहरा ने शौंगटोंग प्रोजेक्ट में श्रम कानूनों की उल्लंघना पर हाईकोर्ट के संज्ञान का स्वागत किया। उपायुक्त किन्नौर को आपसी समझौता करवाकर हड़ताल कोे खत्म करवाने के हाईकोर्ट के फैसले का भी स्वागत किया।
कहा कि सरकार हाईकोर्ट के आदेशों पर गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्हें आशंका है कि किन्नौर के उपायुक्त समझौते की बैठक को सफल नहीं होने देंगे। सरकार मामले को हल नहीं करना चाहती है। ऐसे में किन्नौर में प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ में राज्य सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा।
अनिश्चितकालीन अनशन पर डा. कश्मीर सिंह, राकेश सिंघा के अलावा मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश नेगी, संजू कुमार और केवल कृष्ण नेगी बैठेंगे। सीटू पदाधिकारियों ने कहा कि हाईकोर्ट में लेबर ऑफिसर और ईपीएफ कमिश्नर ने शपथपत्र देकर बताया है कि शौंगटोंग प्रोजेक्ट में श्रम कानूनों का उल्लंघन हो रहा है।
ऐसे में बीते लंबे समय से लगाए जा रहे सीटू के सभी आरोप सही साबित हुए हैं। सिंघा ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रोजेक्ट साइट में बाहरी लोगों को बसों में लाया जा रहा है।