चर्च में रंग-बिरंगी लड़ियों और लाइटों से की जा रही सजावट, लोगों को व्हाइट क्रिसमस की भी है उम्मीद
विज्ञापन
क्रिसमस ट्री और सजावटी सामान से भरे बाजार दीक्षा सरोय शिमला। क्रिसमस के लिए शहर के चर्च और बाजार सजना शुरू हो गए हैं। शहर के रिज मैदान स्थित क्राइस्ट चर्च और उपायुक्त कार्यालय शिमला के पास स्थित माइकल कैथड्रल कैथोलिक चर्च में इन दिनों क्रिसमस को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
शहर के बाजारों में भी क्रिसमस की सजावट और बच्चों के लिए खिलौनों से दुकानें सजी हुई हैं। लोगों को इस बार व्हाइट क्रिसमस की भी उम्मीद है। शहर के लोअर बाजार में क्रिसमस मनाने के लिए क्रिसमस ट्री सहित हरे, सफेद और लाल रंग की सजावटी लड़ियां उपलब्ध हैं। साथ ही बाजार में बच्चों के लिए आकर्षक मिनी सेंटा सहित कई खिलौने रखे हैं। इन्हें खरीदने के लिए बाजार में लोगों की खासी भीड़ उमड़ रही है। लोग अपने घरों में सजावट के लिए सामान की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानों में सजावट के लिए समारोह में मुख्य तौर पर इस्तेमाल होने वाले जीवन, आशा और खुशी के प्रतीक क्रिसमस ट्री की भी खूब मांग है। साथ ही इसकी सजावट के लिए सितारे, सजावटी बॉल, ड्रम, अंब्रेला स्टिक, बेल्स, सजावटी चॉकलेट और लाइटों सहित उपहारों की खरीदारी कर रहे हैं। कैथड्रल चर्च में सेंटर की जगह पिलर और प्रार्थना वाले स्थानों पर सजावट की जा रही है। यहां रंग-बिरंगी लड़ियों से सजावट की जा रही है। इसी के साथ चर्च में क्रिब यानी यीशु का जन्म स्थान विशेष मरीके से सजाया जा रहा है। रिज मैदान के चर्च में भी क्रिसमस के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यहां हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी क्रिसमस ट्री को सजाया जाएगा और चर्च के बाहर सुंदर लाइटों से चर्च को चमकाया जाएगा। रिज मैदान पर क्रिसमस के अवसर पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ती है। लोग लंबे समय से व्हाइट क्रिसमस का इंतजार कर रहे हैं। संवाद
विज्ञापन
नए तरीके से कर रहे सजावट
माइकल कैथेड्रल चर्च में सजावट कर रहीं पूनम, नमृता और अनन्या ने बताया कि वह कई सालों से क्रिसमस के लिए चर्च की सजावट का कार्य कर रही हैं। इस वर्ष वह चर्च की दीवारों और पोल्स की सजावट पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। पूनम ने बताया कि कई सालों से व्हाइट क्रिसमस नहीं हो पाया है लेकिन इस बार उन्हें पूरी उम्मीद है कि क्रिसमस के समय बर्फ गिरेगी और यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा।
10 रुपये से शुरू है सजावटी सामान की कीमत
लोअर बाजार स्थित शिमला फैंसी स्टोर के मालिक रमेश अरोड़ा ने बताया कि उनके पास क्रिसमस मनाने के लिए हर प्रकार की सजावट उपलब्ध है। इनके पास चार प्रकार के स्टार हैं जिनका मूल्य 10 से 125 रुपये तक, मिनी सेंटा 10 से 75 रुपये, सजावटी बॉल्स 10 से 50 रुपये, ड्रम, स्टिक, बेल्स 10 रुपये से शुरू हो रही हैं, लड़ियां 20 और क्रिसमस ट्री साइज के हिसाब से 50 रुपये से 3000 रुपये तक में उपलब्ध हैं।