राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने छेड़छाड़ के डर से स्कूल छोड़ चुकी छात्रा के मामले में दोनों आरोपियों से दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।
मंगलवार को लगी आयोग की कोर्ट में आरोपियों से जवाब तलब किए हैं। आरोपी युवकों से उन पर लगे आरोपों पर लिखित में जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 19 मई को होगी।
शिमला के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के साथ पड़ोस के दो युवकों ने छेड़छाड़ की थी। दहशत में रह रही छात्रा अभी भी स्कूल जाने के लिए तैयार नहीं है।
हालांकि शहर के एक गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोग के हस्तक्षेप से दोबारा एडमिशन तो करवा दिया गया है, लेकिन छात्रा नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रही है।
आयोग की अध्यक्ष श्यामा डोगरा ने बताया कि आरोपी युवकों से दो सप्ताह के भीतर जवाब तलब किया है। जवाब आने के बाद आगामी कार्रवाई होगी।