हिमाचल के शिमला जिले के उपमंडल कुमारसैन के तहत आने वाले खेखर में ढाई वर्ष के बच्चे की हॉट मिक्सचर प्लांट के टैंक में गिरने से मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुमारसैन अस्पताल पहुंचा दिया है। वहीं, पुलिस ने प्लांट मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम सात बजे राकेश बहादुर ने सैंज चौकी में शिकायत दर्ज करवाई कि उसका बेटा सुमित उम्र ढाई साल अपने भाई के साथ शाम के समय अपने घर खेखर से खेलते-खेलते कहीं बाहर चला गया।
उसकी तलाश करने पर कहीं भी उसका पता नहीं चला। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर परिजनों के साथ घर के आसपास के क्षेत्रों में तलाश में शुरू की। रात करीब 8 बजे तलाश कर रही टीम को बच्चे का शव हॉट मिक्सचर प्लांट के गंदे गर्म पानी के टैंक में मिला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुमारसैन अस्पताल पहुंचाया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि हॉट मिक्सचर प्लांट के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चे के शव को कुमारसैन अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।