बैठक की अध्यक्षता करते शिक्षा मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने को हिमाचल में 11 कमेटियां बनाई गई हैं। गुरुवार को शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई विभागीय अधिकारियों की बैठक में कमेटियां बनाने का फैसला लिया गया। छह कमेटियां स्कूल शिक्षा और पांच उच्च शिक्षा की नीतियों पर मंथन करेंगी। सभी कमेटियों के प्रभारियों को नवंबर में अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी। इन रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश सरकार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने को लेकर प्रस्तुति दी जाएगी। इन कमेटियों में विभिन्न शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों सहित शिक्षाविदों और शिक्षकों को भी शामिल किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रदेश में लागू करने के लिए 27 चैप्टरों में बांटा गया है।
हर चैप्टर का गहनता से मंथन करने के बाद कमेटियां पाठ्यक्रम, गुणवत्ता युक्त शिक्षा, शिक्षकों के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को लेकर अपने सुझाव देंगी। भारत सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्रालय द्वारा दिए गए टास्क भी इन कमेटियों को पूरे करने होंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर व्यापक मंथन किया जा रहा है। सभी वर्गों को इसमें शामिल किया गया है। 43 सदस्यीय टास्क फोर्स के सदस्यों की अध्यक्षता में 11 कमेटियां बनाई गई हैं। कमेटियों को टास्क फोर्स के सदस्य अपनी सुविधानुसार अन्य विशेषज्ञों को भी शामिल कर सकेंगी। बैठक में शिक्षा सचिव राजीव शर्मा, टास्क फोर्स के सदस्य सचिव और समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा और प्रारंभिक शिक्षा निदेशक शुभकरण सिंह भी मौजूद रहे।