विभिन्न कार्यों की समीक्षा की कागजी प्रतियां भेजने पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि जिन कार्यों की मुख्यमंत्री कार्यालय ऑनलाइन निगरानी कर रहा है, उनकी कागजी प्रतियां न भेजी जाएं।
मुख्यमंत्री कार्यालय का कहना है कि विभाग कागजी प्रतियां भेजकर सिर्फ कागज का दुरुपयोग कर रहे हैं। साथ ही यह पर्यावरण लिहाज से भी ठीक नहीं है। ऐसे में निर्देश दिए हैं कि इन विषयों से संबंधित कोई भी सूचना कागजी प्रति के रूप में न भेजी जाए।
सरकार के गठन के बाद से मुख्यमंत्री कार्यालय हिम प्रगति, हिम विकास समीक्षा, रोजगार सृजन, ई समाधान, निवेश लक्ष्यों और मुख्यमंत्री की ओर से की जा रही घोषणाओं की ऑनलाइन निगरानी कर रहा है। इसकी सूचनाएं विभिन्न विभागों की ओर से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से लेकर हिम प्रति और ई समाधान पोर्टल पर अपडेट भी की जा रही हैं। बावजूद इन विषयों से संबंधित सूचनाओं की हार्ड (कागजी) कॉपी कई विभाग लगातार भेज रहे हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने निर्देश जारी कर इस प्रवृत्ति पर नाराजगी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय का कहना है कि विभागों की इस प्रवृत्ति की वजह से मुख्यमंत्री कार्यालय में बेवजह कागज का ढेर लग रहा है, जबकि सूचनाओं की निगरानी ऑनलाइन हो रही है।
ऐसे में सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूरत में इन विषयों से संबंधित कोई भी सूचना पेपर पर न भेजी जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि इन विषयों से संबंधित सूचनाओं को हिम प्रगति और ई समाधान पोर्टल पर ऑनलाइन ही अपडेट करें ताकि उनकी नियमित समीक्षा हो सके।