मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं और उनकी पार्टी के नेता कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर हैं। देश के विभिन्न राज्यों समेत हिमाचल में कांग्रेस छोड़ नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को ऊना के पुराने बस अड्डे में प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष समारोह में सीएम ने कहा कि कांग्रेस कभी किसी का भला नहीं कर सकती है।
मंच से चुटकी लेते हुए कहा कि ऊना के मित्र उन्हें याद करते रहते हैं, वह भी उन्हें कभी कभी याद कर लेते हैं। कांग्रेस के मित्र बेवजह शोर डाल रहे हैं। इन आयोजनों पर सवाल उठाने वाले कांग्रेसियों को यह समझना चाहिए कि वह हिमाचल के हर वर्ग से जुड़े लोगों का विकास में योगदान के लिए आभार जता रहे हैं। कांग्रेसी जल्दबाजी में हैं। इनके नेता भी यही सोच रहे हैं कि पार्टी में रुककर आखिर क्या करें।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए सीएम ने कहा कि आटे को 40 रुपये प्रति लीटर बताने वाले नेता को कुछ लोग देश का प्रधानमंत्री बनाने की कल्पना कर रहे हैं। उद्घाटनों पर कांग्रेस के प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि सब कुछ करने के बाद विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी वही करेंगे। इसके लिए उन्हें विपक्षी नेताओं को न्योता देने की जरूरत नहीं है।
मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि उन्हें कांग्रेस के कहने की परवाह नहीं है। देश को डुबोने वाली कांग्रेस अब खुद डूब रही है। हिमाचल में भाजपा सरकार बनकर रहेगी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर, छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक बलबीर सिंह, भाजपा नेता प्रो. राम कुमार, राजकुमार पठानिया समेत अन्य मौजूद रहे।