निजी स्कूलों के खिलाफ सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय का अभिभावक दोबारा से घेराव करेंगे। सिर्फ ट्यूशन वसूली के आदेश जारी करने की मांग को लेकर अभिभावक सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। छात्र-अभिभावक मंच के बैनर तले सोमवार दोपहर को उच्च शिक्षा निदेशालय के बाहर प्रदर्शन होगा। मंच के संयोजक विजेंद्र मेहरा ने कहा कि शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के बयान देने के बाद भी अफसरशाही अमल नहीं कर रही है।
इसके चलते मंत्री केे बयान संदेह के घेरे में आ गया है। मंच के पदाधिकारियों ने मांग करते हुए कहा कि ट्यूशन फीस के अलावा एनुअल चार्जेज सहित सभी तरह के चार्जेज पर रोक लगाने के लिए जल्द से जल्द अधिसूचना जारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की एनुअल चार्जेज, कंप्यूटर फीस, स्मार्ट क्लास रूम व अन्य चार्जेज की वसूली पर रोक न लगाई तो आंदोलन तेज होगा। 24 और 28 दिसंबर को भी प्रदेश भर में प्रदर्शन होंगे।
उन्होंने निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छह लाख छात्रों के दस लाख अभिभावकों सहित कुल सोलह लाख लोगों से निजी स्कूलों की पूर्ण फीस उगाही का पूर्ण बहिष्कार करने की अपील की है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि केवल बयानों से बात नहीं बनेगी। उन्होंने उच्च न्यायालय से अपील की है कि वह निजी स्कूलों की ओर से द्वारा पूर्ण फीस वसूली के मामले पर हस्तक्षेप करे।