लुधियाना की विशेष एनडीपीएस अदालत ने वर्ष 2019 के चरस तस्करी मामले में हिमाचल प्रदेश के चंबा निवासी कयूम खान उर्फ क्यूम खान को दोषी करार दिया है। अदालत ने उसे 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। तस्करी में प्रयुक्त टाटा 407 टेंपो को भी जब्त करने के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
एनसीबी चंडीगढ़ की टीम को इस मामले में चरस तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर टीम ने मई 2019 में लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर संदिग्ध टाटा 407 टेंपो को रोका। वाहन की गहन तलाशी के दौरान पिछले हिस्से में छिपाकर रखी गई 16.470 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
इस कार्रवाई के दौरान चंबा निवासी कयूम खान उर्फ क्यूम खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद एनसीबी ने मामले की जांच पूरी की और विशेष अदालत में अभियोग चलाया। करीब सात साल तक चली लंबी कानूनी प्रक्रिया और सुनवाई के बाद लुधियाना की विशेष एनडीपीएस अदालत ने आरोपी को दोषी माना और सजा का फैसला सुनाया।