शिमला के पर्यटक स्थल कुफरी में बर्फ के बीच मस्ती करते सेलानी
- फोटो : SHIMLA CITY
शिमला। वीकेंड पर शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम विभाग ने फिर बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। शहर के पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि बर्फ देखने के लिए हिल्सक्वीन में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे। शहर के होटलों में वीकेंड के लिए करीब 40 फीसदी तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। शनिवार को सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंचने का अनुमान है।
दिल्ली सहित देश के अन्य राज्यों में कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद शिमला में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दो साल से शिमला में टूरिज्म इंडस्ट्री को कोरोना की मार झेलनी पड़ी थी। लेकिन इस साल सैलानियों की संख्या में कमी नहीं आई है। खासकर वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। आमतौर पर क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बाद जनवरी के पहले हफ्ते तक ही शिमला में सैलानियों की भीड़ रहती थी। लेकिन इस साल बार-बार हो रही बर्फबारी के चलते सैलानियों के शिमला आने का क्रम जारी है। बर्फबारी सैलानियों को खासा आकर्षित कर रही है। मंगलवार को भी शहर में सैलानियों की अच्छी भीड़ रही।
100 फीसदी ऑक्यूपेंसी की उम्मीद
शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस साल बर्फबारी के बाद शिमला में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। इस वीकेंड पर भी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वीकेंड पर सौ फीसदी ऑक्यूपेसी की उम्मीद है।