टेंडर पर जीएसटी हटाने पर सरकार के निर्णय के इंतजार कर रहा लोक निर्माण विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश के पहले अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी चमियाना की तंग सड़क को चौड़ा करने के लिए जल्द टेंडर करवाकर कार्य शुरू करने की लोक निर्माण विभाग ने तैयारी कर ली है। करीब ढाई करोड़ की अनुमानित लागत से सड़क को चौड़ा किया जाएगा। केंद्रीय एजेंसियों की तर्ज पर प्रदेश सरकार के खर्च से बनाए जाने वाले मार्ग के टेंडर से जीएसटी को हटाने के सरकार के निर्णय से मामला अटका हुआ है, जिस पर जल्द फैसला आने की उम्मीद है। निर्णय आने के बाद ही लोक निर्माण विभाग अस्पताल की सड़क को चौड़ा करने कार्य की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर सकेगा।
चमियाना अस्पताल की 700 मीटर तंग सड़क पर रोजाना जाम लगने से हजारों मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क को चौड़ा करने के लिए भूमि अधिग्रहण सहित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं लेकिन टेंडर में जीएसटी को शामिल न किए जाने को लेकर सरकार की अधिसूचना जारी होने का इंतजार हो रहा है। जैसे ही सरकार इस पर फैसला लेगी, उसके साथ ही लोक निर्माण विभाग इस सात सौ मीटर सड़क के टेंडर कॉल कर कार्य आवंटित कर देगा। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को चौड़ा करने से पूर्व भट्ठाकुफर में सात सौ मीटर कटिंग और डंगे लगाने के लिए मार्क किए गए क्षेत्र से जल शक्ति विभाग की पाइप लाइन को बदलने, बिजली लाइन और खंभों को बदलने के लिए भी पत्र लिखकर सहयोग मांगा है।
चमियाना के लिए भट्ठाकुफर से जाने वाली एकमात्र सड़क को चौड़ा करने के कार्य के समय अस्पताल की सड़क पर ट्रैफिक बहाल रहेगा। इसके अलावा कोई और वैकल्पिक रास्ता फिलहाल नहीं है, जिससे मरीजों, स्टाफ के वाहनों की आवाजाही संभव हो। इसलिए विभाग को सड़क चौड़ा करने का कार्य चलते ट्रैफिक के साथ ही करवाना होगा।
कोट्स
सर्दियों में अस्पताल आने वाले मरीजों की मार्च तक आवाजाही कम रहेगी, इसी दौरान सड़क को चौड़ा करने के कार्य को निपटाने का प्रयास रहेगा, जिससे ट्रैफिक की समस्या भी न हो और कार्य भी तय अवधि में पूरा हो सके। टेंडर में जीएसटी को लेकर सरकार का निर्णय आने के बाद टेंडर आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-नवीन कौंडल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग डिविजन वन