मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनजातीय क्षेत्र पांगी के लोगों को 23.38 करोड़ की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने पांगी में जलशक्ति विभाग का किलाड़ में मंडल, साच में उप मंडल और किरयूनी और सुराल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की। इससे पहले करयूनी के लोगों को इलाज करवाने के लिए 15 किमी का सफर तय कर किलाड़ अस्पताल और सुराल के बाशिंदों को 20 किमी का सफर तय कर धरवास स्वास्थ्य केंद्र का रुख करना पड़ता था।
ऐसे में अब आने वाले समय में लोगों को घर-द्वार ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। कहा कि तांदी संसारी नाला और पठानकोट वाया द्रम्मन, चंबा, तीसा साच पास किलाड़ नेशनल हाईवे बनाने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने चस्क और हिलुटवां में प्राथमिक विद्यालय खोलने, मिन्धल और लुज मिडल स्कूलों का दर्जा बढ़ा कर उच्च विद्यालय करने की घोषणा भी की। वहीं, उन्होंने पांगी के 1162 बीपीएल परिवारों के लिए सोलर पैनल वितरण का शुभारंभ भी किया।
उन्होंने कहा नकरोड़-किलाड़ 33 केवी लाइन को 2022 अक्तूबर तक पूरा कर सुचारु कर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने 3 करोड़ 99 लाख से सैचुनाला पर बने धनाला मोझी पुल, 2 करोड़ 15 लाख से कुलाल नाले पर बने कुलाल पुल और 2 करोड़ 40 लाख से हरुई नाले पर बने चस्कभटोरी पुल के साथ ही एक करोड़ 15 लाख से निर्मित पांगी मुख्यालय किलाड़ के टैक्सी स्टैंड का लोकार्पण किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 12 करोड़ 50 लाख से बनने वाले पांगी कॉलेज के आर्ट्स ब्लॉक भवन का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री मंगलवार को 11.20 बजे किलाड़ हेलीपैड पर उतरे और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद 12 बजे रामलीला मैदान पहुंचे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं संसद सुरेश कश्यप, विस उपाध्यक्ष हंसराज और विधायक जियालाल कपूर ने भी जनसभा को संबंधित किया। इस मौके पर भाजपा महामंत्री पवन राणा, अतिरिक्त मुख्यसचिव जेसी शर्मा, जिलाधीश डीसी राणा, आवासीय आयुक्त पांगी बलवान सिंह आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से अग्निशमन केंद्रों और उप अग्निशमन केंद्रों के लिए 17 अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ये वाहन किन्नौर, माल रोड शिमला, पांवटा साहिब, बिलासपुर, कुल्लू, बद्दी, परवाणू, नालागढ़, ऊना, चंबा, झंडूता और गोहर के उप अग्निशमन केंद्र, जुब्बल, पतलीकूहल, संसारपुर टैरेस, पधर और जोगिंद्रनगर की दमकल चौकी को प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले तीन साल के दौरान अग्निशमन वाहनों और अन्य उपकरणों की खरीद के लिए 21.26 करोड़ रुपये, अग्निशमन विभाग के विभिन्न भवनों के निर्माण के लिए 17.46 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी शर्मा, विशेष सचिव गृह राकेश शर्मा, निदेशक अग्निशमन सेवाएं विभाग एसपी सिंह, उप-महाआदेशक गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा अनुज तोमर मौजूद रहे।