शिमला। शहर में निर्धारित स्टॉपेज पर बसें नहीं रोकने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। ट्रैफिक पुलिस ने तीन दिनों में आठ बसों के खिलाफ कार्रवाई की है। चालान काटने के साथ ही चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी जा रही है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शहर में बड़ी संख्या में बस चालक नियमों की अनदेखी कर चिह्नित स्टॉपेज पर बसें नहीं रोक रहे हैं। इससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डीएसपी ट्रैफिक चंद्रशेखर ने बताया कि निर्धारित स्टॉपेज पर बसें नहीं रोकने और मनमानी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो
विज्ञापन
शहर में 155 बस स्टॉपेज चिह्नित
शिमला। राजधानी शिमला में बढ़ती आबादी और बसों के रूट को ध्यान में रखते हुए हाल ही में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से सर्वे कर बसों के लिए 155 स्टॉपेज चिह्नित किए हैं। इन स्थानों का निर्धारण शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया है। इससे पहले वर्ष 2009 में शहर की यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर बस स्टॉपेज चिह्नित किए गए थे। शहर में नए रिहायशी क्षेत्रों के विकसित होने और आईएसबीटी टुटीकंडी के निर्माण के बाद कई नए स्टॉपेज निर्धारित करने की आवश्यकता महसूस की गई। इसी को देखते हुए दोबारा सर्वे किया गया।