स्मार्ट सिटी के तहत खर्च होंगे 1.47 करोड़ रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के शांति विहार वार्ड के हजारों लोगों को नगर निगम एक ही छत के नीचे पार्किंग और सामुदायिक केंद्र की सुविधा देने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 1.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्मार्ट सिटी मिशन में इस भवन का निर्माण किया जाएगा।
नगर निगम ने इस भवन के निर्माण के लिए टेंडर कॉल कर दिए हैं। यह भवन टनल के समीप लोनिवि भवन के पास बनेगा। इसके लिए लोनिवि ने नगर निगम के लिए जमीन भी ट्रांसफर कर दी है। अभी वार्ड में एक भी बड़ी पार्किंग नहीं है। इसके अलावा सामुदायिक केंद्र न होने से लोगों को शादी समारोह समेत बाकी कार्यक्रमों के लिए दूसरे वार्डों में जाकर सामुदायिक केंद्र या बैंक्वेट हाल बुक करने पड़ते हैं।
अब वार्ड में ही लोगों को सस्ती दरों पर सामुदायिक केंद्र की सुविधा मिलेगी। निगम प्रशासन का कहना है कि इसी साल भवन का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। भवन के निचले फ्लोर में पार्किंग जबकि ऊपरी मंजिलों में सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा।
वार्ड के लिए सबसे बड़ा प्रोजेक्ट : राजेंद्र
वार्ड से मनोनीत पार्षद राजेंद्र चौहान ने कहा कि यह शांति विहार वार्ड का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। इससे लोगों को राहत मिलेगी। कहा कि लोनिवि से जमीन लेने के लिए उन्होंने खुद इसका मामला उठाया था। 15 महीने बाद इसकी जमीन निगम को मिली है। स्मार्ट सिटी से भी इसकी मंजूरी मिल गई है। भवन में वार्ड दफ्तर और कनिष्ठ अभियंता कार्यालय बनाने की भी योजना है।