प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चार के तहत मिली मंजूरी, 27 करोड़ रुपये से तैयार होगी 19 किलोमीटर लंबी सड़कें
लोक निर्माण विभाग दिसंबर में शुरू करेगा टेंडर प्रक्रिया अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत राजधानी की चार सड़कों को अपग्रेड करने के प्रस्ताव को केंद्र ने मंजूरी दे दी है। इसमें 19 किलोमीटर लंबाई वाली इन सड़कों का 27 करोड़ से निर्माण किया जाएगा। इनकी चौड़ाई तीन मीटर रहेगी। लोक निर्माण विभाग इसका काम करेगा।
विभाग के अनुसार केंद्र की योजना के चरण चार के पहले बैच के तहत इन सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। दिसंबर तक इन सड़कों का काम ठेकेदारों को सौंप दिया जाएगा। नए साल से इनका निर्माणकार्य शुरू करने का दावा किया जा रहा है। बस योग्य सड़क तैयार होने से हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अनुसार अभी इन क्षेत्रों में पंचायतों ने सड़कें तैयार की हैं। इन पर छोटे वाहनों की ही आवाजाही हो पा रही है। अब इन्हें केंद्र की योजना के तहत तैयार किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग इन्हें पहले अपने अधीन लेगा, फिर सर्वे कर इनके निर्माण को अंतिम रूप देगा। राजधानी में यह पीएमजीएसवाई के तहत यह पहला प्रस्ताव है जिसमें चार सड़कों को मंजूरी मिली है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन कौंडल ने बताया कि जल्द ही इन चारों सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इन सड़कों का होगा निर्माण
मशोबरा के बल्देयां से मनाड़ तक की 10 किलोमीटर लंबी सड़क को 12.94 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जाएगा। इस तरह कनोला से छबालड़ी तक 4.2 किलोमीटर लंबी सड़क तैयार होगी। इस पर 6.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहर के सटे ढली से धार तक के लिए भी अब 1.6 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क तैयार होगी। इस काम पर 3.37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दरू से जुब्बड़ के लिए 3.6 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने को मंजूरी मिली है। इसके काम पर 4.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे।