बैनमोर क्षेत्रों में जाकर भी किया सफाई का निरीक्षण अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शहर की सफाई व्यवस्था जांचने के लिए शिमला पहुंची केंद्र की टीमों ने फील्ड सर्वे शुरू कर दिया है। सोमवार को पहले दिन तीन टीमों ने शहर के टुटीकंडी, बैनमोर और छोटा शिमला क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया है।
यह टीमें सुबह ही फील्ड में उतर गईं। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था जांची गई। लोगों से भी ये टीमें सफाई को लेकर फीडबैक ले रही हैं। अगले एक हफ्ते तक तीनों टीमें शहर के अलग अलग वार्डाें में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगी। इसकी बाकायदा वीडियोग्राफी भी की जा रही है। शहर में सफाई व्यवस्था का स्तर जांचने के बाद इसकी रिपोर्ट तैयार होगी जिससे अंक दिए जाएंगे। इन अंकों के आधार पर शिमला की रैंकिंग तय होनी है। बीते साल शिमला शहर को देश भर के स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में 347वां रैंक मिला था। नगर निगम अब टॉप सौ शहरों में शामिल होने के लिए प्रयास कर रहा है। इसके लिए शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। बाकायदा अधिकारियों को रोज सुबह फील्ड में उतारा जा रहा है। सार्वजनिक शौचालयों में सफाई और पानी की उचित व्यवस्था के भी निर्देश जारी किए हैं।