शिमला। न्यू शिमला से एक ग्यारह साल का बच्चा बिना बताए घर से चला गया। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर बच्चे को तलाश करने का हर संभव प्रयास किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। 10 मई को थाना न्यू शिमला में महिला ने इस बारे में शिकायत दर्ज करवाई। इसमें उन्होंने बताया कि उनका 11 साल का बेटा घर के पास किराना दुकान पर गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया। शिकायत के आधार पर थाना न्यू शिमला पुलिस ने केस दर्जकर किशोर की तलाश शुरू की। पुलिस के कड़े प्रयासों से लापता किशोर को खलीनी क्षेत्र से एक घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस लोगों की मदद के लिए हर समय तत्पर है। ब्यूरो