कोरोना के खिलाफ जंग में सेंट्रल ड्रग्स लेबोरेटरी (सीडीएल) कसौली अब तक कोविशील्ड, कोवैक्सीन, स्पुतनिक-वी, जायकॉव-डी, जॉनसन एंड जॉनसन, कोवोवैक्स और कॉर्बोवैक्स के करीब 193 करोड़, नौ लाख, 39 हजार 177 वैक्सीन डोज जारी कर चुका है। इनमें दूसरे देशों को जारी होने वाली डोज भी शामिल हैं। दिसंबर में वैक्सीन के बैच जारी करने का आंकड़ा 187 करोड़ था, जो अब तेजी से बढ़ता जा रहा है।
इनमें सबसे अधिक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड शामिल है। उप सहायक निदेशक सुशील साहू ने बताया कि वैक्सीन के परीक्षण को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। लैब में दिन-रात परीक्षण कार्य के बाद विभिन्न वैक्सीन को मान्यता दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि सीडीएल कसौली में वैक्सीन बनाने वाली मान्यता प्राप्त कंपनियां वैक्सीन का उत्पादन कर बैच भेजती हैं।
एक बैच में कई हजार डोज होती हैं। इस वर्ष तीन जनवरी को पांच बैच रिलीज किए गए। चार जनवरी को तीन, पांच जनवरी को चार, छह जनवरी को छह, सात जनवरी को सात, 10 जनवरी को छह, 11 जनवरी को दो, 13 जनवरी को चार, 17 जनवरी को पांच, 18 जनवरी को चार, 19 जनवरी को दो, 21 जनवरी को आठ, 24 जनवरी को तीन और 25 जनवरी को एक बैच रिलीज किया गया है।