दाड़लाघाट में सीमेंट उद्योग के बंद होने के 56 दिन बाद अदाणी कंपनी के अधिकारी पहली बार बुधवार को ट्रक ऑपरेटरों के साथ सुबह 11:00 बजे अंबुजा उद्योग में बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न सोसायटियों के करीब 16 पदाधिकारी शामिल होंगे। एसडीटीओ के प्रधान जयदेव कौंडल ने बताया कि बीते 14 दिसंबर के बाद पहली बार उन्हें अंबुजा प्रबंधकों ने बैठक के लिए बुलाया है। बैठक में प्रबंधक जो भी शर्तें रखेगा, उन शर्तों को ऑपरेटरों की कोर कमेटी के समक्ष रखा जाएगा। यदि कमेटी इसमें सहमत होगी, तभी उन शर्तों पर काम करेंगे।
ट्रक मालिक मोदी-शाह से मिलने की तैयारी में
राज्य सरकार की ओर से समझौतों न करवा पाने के बाद अब दाड़लाघाट के ट्रक मालिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मिलने की तैयारी में हैं। इसके लिए ट्रक यूनियनों के नेता प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क बनाए हुए हैं।