संजू बाबा की रिहाई पर जहां बालीवुड में खुशी है, वहीं कसौली स्थित सनावर स्कूल में भी जश्न का माहौल है। 23 वर्षों से आर्म्स एक्ट केस का दंश झेल रहे अभिनेता संजय दत्त की रिहाई पर ओल्ड सनारियन (पूर्व छात्रों) ने मुन्ना भाई को शुभकामनाएं दी हैं।
संजय दत्त इसी स्कूल में पढ़े हैं। 1966 से 1977 के बैच के संजय दत्त की कई यादें सनावर स्कूल से जुड़ी हैं। यहां कई बार संजू बाबा बचपन की यादें लिए पहुंचे हैं। सनावर स्कूल में भी स्टाफ ने उनकी इस खुशी में अपने को शामिल करते हुए जश्न मनाया।
सनारियन ने संजय दत्त को सनावर स्कूल के मोटो... नेवर गिव इन संजू भी कहा। उधर, इस बारे में सनावर स्कूल के पीआरओ आरएस चौहान का कहना है कि संजय दत्त महान अभिनेता के साथ-साथ बहुत ही अच्छे इंसान हैं। एक बार फिर से इनके फैंस को मुन्ना भाई की एक्टिंग का जलवा देखने को मिलेगा।
2006 में बने थे चीफ गेस्ट
2006 में संजय दत्त सनावर स्कूल में बतौर चीफ गेस्ट बनकर आए थे। स्कूल के स्थापना दिवस पर उन्होंने शिकरत करते हुए बचपन की यादें शेयर की थीं। हाल ही में सजा होने से पहले सन ऑफ सरदार की शूटिंग के बीच पुरानी यादों को ताजा करने के लिए पहुंचे थे।
अचानक आते हैं स्कूल
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि संजय छत्त कई बार अचानक स्कूल भी पहुंच जाते थे। वह अकसर रात को स्कूल पहुंचते हैं। अपने होस्टल और कमरे को देखकर भावुक हो उठते हैं।