सीबीएसई परीक्षाओं की डेटशीट जारी।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। देशभर के विभिन्न राज्यों में सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी की गई। बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की गई। सीबीएसई के अनुसार परीक्षाएं चार मई, 2021 से शुरू होंगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने अपने लाइव संबोधन के पहले ट्वीट कर सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
वहीं, केंद्रीय विद्यालय जाखू शिमला के प्रिंसिपल मोहित गुप्ता ने कहा कि शिमला में 15 फरवरी से स्कूल खुलेंगे। कहा कि परीक्षाएं मई में होंगी, ऐसे में विद्यार्थियों के पास तैयारी के लिए समय है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को पूरी तरह तैयार किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में करीब 25 हजार विद्यार्थी 10वीं-12वीं की परीक्षा में शामिल होंगे। बता दें बीते वर्ष हिमाचल में 9202 विद्यार्थियों ने सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए अपने-अपने स्कूलों के माध्यम से पंजीकरण कराया था। परीक्षा में 9163 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। 8635 विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे थे।
हिमाचल में कुल 94.24 प्रतिशत विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की। वहीं, प्रदेश में कुल 14776 विद्यार्थी दसवीं कक्षा में पास हुए थे। 15246 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 8686 छात्र और 6560 छात्राएं थीं। परीक्षाएं होने से पहले प्रदेश में 15282 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 8706 छात्र और 6576 छात्राएं थी।