आय से अधिक संपत्ति मामले में शुक्रवार को दिल्ली से आई सीबीआई टीम ने नायब तहसीलदार और पटवारी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के डमराली स्थित सेब बगीचे की पैमाइश कराई। बगीचे की नपाई कर फलदार पेड़ों की गिनती भी की गई है।
जम्मू, सोलन से डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय और हिमाचल बागवानी विभाग के विशेषज्ञों को भी सीबीआई टीम ने मौके पर बुलाया था ताकि पता लग सके कि इस बगीचे में वाकई उतना सेब पैदा होता है, जितना दर्शाया गया है या नहीं। सीबीआई ने इस पूरी कार्रवाई को हर तरह से गोपनीय रखा था। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई।
सूत्र बताते हैं कि सीबीआई बगीचे की नपाई और पेड़ों की गिनती करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस बगीचे से करोड़ों में आय हो सकती है। सूत्र बताते हैं कि सीबीआई वीरभद्र के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाने में लगी है। ताकि मामले को ठोस प्रमाण के साथ कोर्ट में रखा जा सके।