हिमाचल के बहुचर्चित 181 करोड़ रुपये के छात्रवृत्ति घोटाले में केंद्रीय एजेंसियों (सीबीआई और ईडी) की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले की जांच ये दोनों एजेंसियां कर रही हैं। घोटाले की जांच कर रहे शिमला कार्यालय के डीएसपी को चंडीगढ़ सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। डीएसपी पर घोटाले में नामजद आरोपियों से मिलने वाली रिश्वत में से 10 फीसदी कमीशन मांगने का आरोप है। वहीं, ईडी के सहायक निदेशक विशाल दीप के गिरफ्तार होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय भी मनी लाॅन्ड्रिंग से जुड़े मामले की नए सिरे से जांच कर रहा है। उधर, सीबीआई चंडीगढ़ ने मामले की जांच कर रहे शिमला कार्यालय से रिकाॅर्ड कब्जे में ले लिया है। आरोपी डीएसपी का तबादला होने के बाद अब सीबीआई कार्यालय शिमला में डीएसपी गोविंद सिंह सोलंकी की तैनाती की गई है।