हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप मामले में सीबीआई व आयकर विभाग ने अपनी सीलबंद जांच रिपोर्ट हाईकोर्ट के समक्ष पेश कर दी। न्यायमूर्ति बीडी अहमद व न्यायमूर्ति संजीव सचदेव की खंडपीठ के समक्ष पेश अतिरिक्त सॉलीसीटर जनरल ने सीबीआई की ओर से सीलबंद रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि फिलहाल मामले की जांच जारी है।
खंडपीठ ने सुनवाई 4 नवंबर तक के लिए स्थगित करते हुए सीबीआई व अन्य जांच एजेंसियों को अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद ने कहा था कि उनके मुवक्किल पर लगे आरोपों की जांच हिमाचल प्रदेश में हो रही है और वहां अदालत में मामला विचाराधीन भी है, ऐसे में दिल्ली हाईकोर्ट में उनके खिलाफ सुनवाई नहीं की जा सकती।