मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को हमीरपुर के विधानसभा क्षेत्र भोरंज में बाढ़ और भू-स्खलन प्रभावित हिम्मर-दरोबड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाहनवीं, खुराल पुल, चंदरूही, नगरोटा गाजियां और अन्य गांवों का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने इन गांवों में चल रहे राहत, पुनर्वास और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण भी किया और प्रभावित लोगों का हालचाल पूछा। उन्होंने राहत एवं पुनर्वास तथा मरम्मत कार्यों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की जान बचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करें। सरकार हर प्रभावित तक मदद पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है। आपदा से प्रभावित परिवारों को घर निर्माण के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी। कंजयाण हेलीपैड पर अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद सभी प्रभावितों को हरसंभव मदद प्रदान करेगी।
वह स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके नुकसान का जायजा ले रहे हैं और विश्व बैंक तथा नीति आयोग जैसी संस्थाओं ने भी प्रभावित को तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि 18 सितंबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में इस आपदा पर व्यापक चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर हमीरपुर की संस्था सीनियर सिटीजन काउंसिल के पदाधिकारियों ने 21 लाख रुपये और कॅरिअर प्वाइंट विश्वविद्यालय भोरंज के विद्यार्थियों ने तीन लाख रुपये के चेक आपदा राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री को भेंट किया। इस मौके पर भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, केसीसी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, प्रदेश कौशल विकास निगम के समन्वयक अतुल कड़ोहता, उपायुक्त हेमराज बैरवा मौजूद रहे।