शहर में सड़कों के किनारे खड़ी होती हैं हजारों गाड़ियां, बालूगंज पुलिस ने शुरू की मामलों की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में सड़कों के किनारे खड़े वाहनों के साथ तोड़फोड़ के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। चौड़ा मैदान और पावर हाउस में खड़ी दो गाड़ियों के शीशे तोड़ने और सामान चुराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों ही मामलों की जांच शुरू कर दी है। पहला मामला चौड़ा मैदान क्षेत्र का है। पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप शर्मा ने बताया कि गाड़ी नंबर एचपी52ए-3852 को सिसिल होटल खादी बोर्ड के समीप सड़क के किनारे खड़ी की थी। शनिवार रात्रि अज्ञात लोगों नेगाड़ी को क्षति पहुंचाई है जबकि बैटरी, स्टेयरिंग कवर और पेट्रोल समेत अन्य सामान चोरी कर लिया है। पुलिस थाना बालूगंज में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है।
दूसरा मामला पावर हाउस टुटू का है जहां पर एक वाहन के गाड़ी के शीशे अज्ञात लोगों ने शनिवार रात को तोड़ दिए। शहर में इससे पहले भी सड़कों के किनारे खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही चोरी की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। शहरवासियों ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस से नियमित गश्त करने और ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।